Saturday, 28 December 2024

जो नहीं मिला शायद उससे कुछ बड़ा आपके लिए इंतजार कर रहा हो...


कई बार अपनी मनचाही चीजें नहीं मिलने पर हम दुखी हो जाते हैं. हमें अपना जीवन विफल होते लगने लगता है. हम सोचते हैं कि शायद ईश्वर के हम प्रिय नहीं हैं. लेकिन जो लोग प्रकृति के काम करने के तरीके को समझते हैं वे जानते हैं कि समय की अपनी योजना होती है. वो आपके लिए आपकी मनचाही चीजें दे न दे लेकिन वो जरूर देती है जिसके लिए आपको धरती पर लाया गया है. जिसके लिए आपका बृहद रोल कुदरत ने तय कर रखा है.

भगवान राम की अगले दिन ताजपोशी होनी थी, अयोध्या में भव्य तैयारियां हो रखी थीं. लेकिन अचानक बाधा आ गई, राजा दशरथ को रानी कैकेई की शर्तें माननी पड़ीं और राम को सिंहासन की बजाय जंगल की ओर प्रस्थान करना पड़ा. अगले 14 साल राजयोग की जगह जंगल में भटकना, तमाम जंगली जानवरों और असुरों का संकट झेलना लिखा था उनकी किस्मत में, और आखिरकार महाबली लंकाधिपति रावण से भिड़ना पड़ा.



कुदरत की ओर से राम के सामने चुनौतियां आती गईं और उन्होंने अपने साहस, कूटनीति और पराक्रम से हर चुनौती को पार किया. हमेशा सत्य और अच्छाई पर टिके रहे. उन्होंने लंकापति रावण का खात्मा कर कई राज्यों को उसके अत्याचार से बचाया, सीता के मान की रक्षा की. तभी दुनिया ने उन्हें भगवान का दर्जा दिया. सोचिए अगर वे तब अयोध्या का राजा बन गए होते तो बाकी आम राजाओं की तरह ही रह जाते लेकिन उनकी चुनौतियों ने उन्हें ऐतिहासिक स्थान दिलाया. जिनकी आज हजारों साल बाद भी कोई दूसरी मिसाल नहीं है.

यही हालात, स्वामी विवेकानंद के जीवन में भी आया था. साल 1884 में जब वे नरेंद्र नाथ हुआ करते थे, अभी-अभी स्नातक की परीक्षा पास की थी. पिता के अचानक निधन से परिवार का जिम्मा उनके ऊपर  गया. विवेकानंद नौकरी के लिए कोलकाता के दफ्तरों में दिनभर चक्कर लगाया करते थे. हर तरफ से निराशा हाथ लग रही थी. कभी-कभी खाली पेट सिर्फ पानी पीकर पार्क में बैठकर सोचा करते कि क्या कुदरत ने उन्हें इस हाल के लिए बनाया है. तब शायद वे कुदरत के प्लान से अनभिज्ञ थे.



वक्त बदला, कुदरत की सुई घूमी. विवेकानंद उस ओर बढ़ चले जिसके लिए उन्हें इस धरती पर लाया गया था. वे अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के संपर्क में आए. अब वे धर्म पथ पर बढ़ चले. उन्होंने पूरे भारत का दौरा किया और धार्मिक प्रयासों से सनातन धर्म की पुनर्स्थापना की. कश्मीर से कन्याकुमारी तक, उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों से लेकर साउथ में रामेश्वर तक उन्होंने सनातन धर्म की जड़ें मजबूत कीं. 

फिर वे अमेरिका की ओर बढ़ चले. शिकागो समेत पूरा अमेरिका, रोम, ब्रिटेन, जर्मनी घूम-घूमकर उन्होंने हिंदू धर्म का प्रचार किया. वहां वेदांत की संस्थाएं स्थापित की. असंख्य अमेरिकी और ब्रिटिश लोग उनके भक्त बनकर सनातन धर्म के लिए काम करने लगे. कोलकाता में वेलूर मठ स्थापित करने में विदेशियों ने जमकर मेहनत की. कई विदेशी भक्त अमेरिका-यूरोप में काम करने लगे तो कई अपना घर-बार छोड़कर सनातन धर्म की सेवा के लिए इंडिया में आ बसे.

दुनियाभर में स्वामी विवेकानंद ने धर्म की जड़ें जमा दीं वो भी उस काल में जब भारत अंग्रेजों का गुलाम था. अंग्रेज मूल के लोग इंडियंस को बराबरी का समझते तक नहीं थे. सोचिए अगर विवेकानंद को संघर्ष के दिनों में कोई छोटी-मोटी नौकरी मिल गई होती तो? वे आम गृहस्थ की तरह सांसारिक झंझटों में उलझकर ही रह जाते. उनका विराट स्वरूप दुनिया देख ही नहीं पाती.

इसीलिए हमारे जीवन में भी जब चीजें कुछ ठीकठाक नहीं चल रही हों तो हमें समझने की जरूरत है कि कुदरत का कुछ और ही प्लान है हमारे लिए. जिसे शायद अभी हम देख नहीं पा रहे हों लेकिन कुछ बड़ा हमारा इंतजार कर रहा है. इसी सोच के साथ अगर आप विपरित हालातों का सामना करें तो आपके अंदर एक अलग तरह की एनर्जी दिखेगी और आप समस्याओं के दौर को पार कर जीवन के नए फेज में कब आ जाएंगे आपको पता भी नहीं चलेगा.

Tuesday, 17 December 2024

जीवन में क्या करना है ये रामायण बताती है,

जीवन में क्या नहीं करना है ये महाभारत,

और जीवन कैसे जीना है ये भगवदगीता...



Sunday, 15 December 2024

साहिर लुधियानवी लिखते हैं-


संसार की हर शय का इतना ही फ़साना है

इक धुंध से आना है, इक धुंध में जाना है


ये राह कहां से है, ये राह कहां तक है

ये राज़ कोई राही, समझा है न जाना है


इक पल की पलक पर है, ठहरी हुई ये दुनिया

इक पल के झपकने तक, हर खेल सुहाना है


क्या जाने कोई किस पर, किस मोड़ पर क्या बीते

इस राह में ऐ राही, हर मोड़ बहाना है


हम लोग खिलौना हैं, इक ऐसे खिलाड़ी का

जिस को अभी सदियों तक, ये खेल रचाना है...

Sunday, 8 December 2024

चलिए, थोड़ा सरल हो लेते हैं...


इस दुनिया में कई तिलिस्म हैं जिन्हें अबतक कोई सुलझा नहीं सका है और लगता है आगे भी ये ऐसे ही बने रहेंगे. आप सोचकर देखिए सुबह से शाम तक आप तमाम लोगों से मिलते हैं, आपके नजरिए से कई लोग सही और कई गलत लगते होंगे लेकिन क्या आपने देखा है कि कोई सामने से आकर कहे कि- 'हां, मैं गलत हूं और मैं अपने में सुधार करूंगा ताकि किसी को मुझसे दिक्कत नहीं हो.' नहीं न, सब अपनी कहानी में सही होते हैं. आप भी सोचकर देखिए अपनी हर कहानी में आप भी खुद को सही मानते मिलेंगे.

तो जब सब सही हैं दुनिया में तो फिर गलत कौन है? आखिर इतनी परेशानिया हैं हमारी पर्सनल लेवल पर और सामाजिक लेवल पर तो कहीं न कहीं कोई न कोई गलत पक्ष में तो है? अगर सब लोग इस बात को समझ लें तो दुनिया की सारी समस्याएं एक झटके में खत्म हो जाएं...लेकिन क्या ऐसा होता दिख रहा? नहीं. क्या है कारण और क्या है समााधान. चलिए थोड़ा इसे आध्यात्मिक पक्ष से समझने की कोशिश करते हैं...

12वीं सदी में ही रूमी ने लिख दिया था-

''पता है

यहां से बहुत दूर, गलत और सही के पार,

एक मैदान है.. मैं वहां मिलूंगा तुझे…

तुम, तुमसे मिलना, तुम्हारे बारे में सोचना,

सारी दुनिया भर के काम छोड़ कर तुमसे मिलना,

जो कभी नहीं किया, वो करना… सब,

सब गलत है…

लेकिन अगर गलत है तो गलत लग क्यूं नहीं रहा..


कहां है ये सही और गलत…? जहां मैं हूं, वहां से कुछ सफ़ेद या काला नहीं है…

सब कुछ, कई रंगों का है, सब कुछ, हर पल , नया रंग ओढ़ता है..

सब कुछ…. सही भी है, और गलत भी…

मेरी सारी दुनिया ही, उस सही और गलत के पार का मैदान है…

और यहां, इस मैदान में, मुझे वो सब लोग मिलते हैं, जो मेरी तरह, सबरंग में देखते हैं..

सब की आंखें ख़राब हैं… दिमाग भी… सब एक जैसे हैं…''

हम अक्सर खुद को इस उलझन में पाते हैं कि जीवन में क्या चीजें सही दिशा में हैं या नहीं? साथ ही ये भी कि सही क्या है और गलत क्या है? हमें किस राह पर होना चाहिए? हमसे जुड़ी चीजें कहीं गलत राह पर तो नहीं हैं? आपको इन उलझनों का जवाब खुद खोजना होगा. अपने इर्द-गिर्द खोजना होगा. दूसरों के अनुभवों से आपकी जिंदगी के सवाल हल नहीं होंगे. आपको अपने जीवन को सरलता की ओर ले जाना होगा.

हां, आप दूसरों की जिंदगी की समस्याओं और उनके समाधान को कॉपी नहीं कर सकते लेकिन उनके अनुभवों से जरूर सीख सकते हैं. कैसे? सरल होकर, खुद को थोड़ा हल्का करके... आखिर ज्यादा बोझ लेकर जाना कहां है? ज्यादा लोड लेकर करना क्या है?

स्वेट माडर्न लिखते हैं-

'मैं प्रकृति के निकट रहने का यत्न करता हूं. अपने जीवन में उसका अनुकरण करता हूं. फल यह मिलता है कि खूब निद्रा आती है. पाचन शक्ति भी बनी रहती है. सभी साम्थर्य अपने पूरे वेग में रहता है. सरलता और परिश्रम का यही सबसे बड़ा इनाम है...'

इसका जवाब आपको खुद खोजना होगा. जीवन में सही गलत में उलझने की बजाय सरल रास्ते आपको हमेशा बेहतरी की ओर ले जाएंगे. स्वामी विवेकानंद कहते हैं-

'जो भी चीज आपको शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से कमजोर बनाती हैं, उसे जहर समझकर अस्वीकार कर दीजिए.'

वैसे, भी सही-गलत का ये सवाल कोई आज का नहीं है, सदियों पहले भी इंसान इसी उधेर-बुन में था. किसी ने एक संत के दरबार में ये सवाल पूछा. संत ने चेहरे पर चिर शांति और मुस्कान लाते हुए कहा-

'सही-गलत में फर्क करना इतना मुश्किल तो नहीं है. जो करने से दिल का बोझ बढ़े वो गलत और जो करने से दिल को इत्मीनान आए वो सही...'

कृष्ण से बड़ा कोई पूर्ण पुरुष नहीं. बचपन जिया तो ऐसा कि हरेक मां ने अपने बेटे को कन्हैया कहना शुरू कर दिया, जवानी जी तो ऐसी कि प्रेम की मिसा...