मुश्किलें दिल के इरादे आजमाती हैं,
ख्वाबों के परदे निगाहों से हटाती हैं,
हौंसला मत हार गिर कर ओ मुसाफिर,
ये ठोकरें ही तो हमें चलना सिखाती हैं...
ये एक सत्य है कि महान उपलब्धियां कभी भी आसानी से नहीं मिलतीं. निरंतर चलते रहने का नाम ही जीवन है. जीवन में अगर आपके कुछ सपने हैं और उन सपनों की दिशा में आप आगे बढ़ना चाहते हैं तो जीवन की कुछ वास्तविकताओं को पहले समझ लेना जरूरी है.
जीवन है तो चुनौतियां भी हैं. इन चुनौतियों को अपनी राह की बाधा न मानकर आप अगर इन्हें कुछ नया सीखने का मौका मानकर चलने लगें कि राह काफी आसान लगने लगेंगी. क्योंकि जीवन में हर तूफान आपको तबाह करने ही नहीं आता. आपको समझना होगा कि कई बार मुश्किल परिस्थितियां इसलिए भी आती हैं कि वे आपके अंदर की आत्मशक्ति से आपकी पहचान करा सकें.
जब आप मुश्किल हालातों का हिम्मत से सामना करते हैं और उनके पार पहुंच जाते हैं तो आप पाते हैं कि आपको खुद पता नहीं था कि आपके अंदर कितनी ताकत थी. इसलिए जीवन में कभी भी मुश्किल परिस्थितियां आएं तो धैर्य रखें, शांत हो जाएं और उन हालातों से कैसे निपटे इसपर शांति से विचार करें.
आपको ये समझना होगा कि जीवन में जब भी आप और ऊंचा उठने की कोशिश करेंगे तो चुनौतियों का लेवल भी बढ़ जाएगा और उनसे पार पाने के लिए आपमें ढृढ़ता और व्यवहारकुशलता की जरूरत होगी. मुश्किलें आएंगी लेकिन जब आप उनके सामने हार मानने की बजाय खुद को उनके समकक्ष खड़ा करने की कोशिश करेंगे को आपका एक नया वर्जन सामने आएगा. यही जीवन में आगे बढ़ने की प्रक्रिया है.

No comments:
Post a Comment