एक बेहद साधारण परिवार से आने वाले एक युवा ने बड़े लक्ष्य हासिल करने की ठान ली. उसने उस पर शांति से काम शुरू कर दिया. लेकिन जैसे-जैसे उसके सपनों के बारे में लोगों को पता लगता लोग उससे दूर होते जाते. लोग साथ देना तो दूर, उसे पागल तक कहने लगे. लेकिन वह अपने लक्ष्य पर लगातार काम करता रहा. कई साल बीत गए. वह काफी सफल हो गया.
अब उसके आसपास भीड़ भी काफी रहने लगी. पहले परिवार और रिश्तेदारी के जो लोग उससे दूर रहते थे वे भी अचानक करीब दिखने लगे और अपनापन दिखाने लगे... वह शख्स सबको सहज भाव से एकसमान हैंडल करता रहा. हमेशा उसके चेहरे पर एक मुस्कान तैरती रहती, जुबां पर एक मौन, अपने काम के प्रति जुनून और सबके प्रति एक जैसा उदार और सहज भाव...
एक दिन उसके बचपन के एक दोस्त ने उससे पूछा- तुम्हें बुरा नहीं लगता कि ये वही सारे लोग हैं जो कभी तुम्हारें सपनों का मजाक उड़ाते थे, तुम्हारी कोशिशों को रोकने की कोशिशें किया करते थे. आज कैसे उनके अपनेपन को तुम मुस्कराकर सहज रहकर स्वीकार कर लेते हो?
उस शख्स का जवाब सुनकर आप हैरान हो जाएंगे-
'मैं सिर्फ वही सुनता हूं जिससे मेरे इरादे मजबूत होते हैं... उन मुश्किल वक्त और अपनों के रवैये ने मुझे एक बात सिखा दी है कि अपना-पराया कोई नहीं होता सब सफलता होती है. वही लोगों को आपके पास लाती है और वही दूर करती है. आज जो आपके करीब है वो कल सफलता छीनने पर दूर भी चले जाएंगे और फिर सफलता के वापस आने पर वापस भी आ जाएंगे. आपको सिर्फ अपने ऊपर काम करते रहने की जरूरत है... हमेशा शांति से आगे बढ़ते रहें, रोज अपना नया वर्जन गढ़ने में जुटे रहें. वक्त भी बदलेगा और लोग भी.'
जिंदगी में ये सबक हम सबके काम की है. लोग और चीजें नहीं अगर आपके जीवन में कोई चीज मायने रखती है तो वो केवल आपकी अपनी सफलता है. हां, इस दौरान कई बार मुश्किलें आपको परेशान करती हैं. लेकिन यकीन मानिए इन मुश्किलों के पार ही सफलता है. ये मुश्किलें बार-बार आएंगी लेकिन यही आपको मंजिल तक भी पहुंचाएंगी.
जानकार कहते हैं कि जिंदगी में कभी भी पासा पलट सकता है लेकिन ये समझना भी जरूरी है कि पासा उसी का पलट सकता है जो गेम में बना रहे और गेम में बने रहने के लिए आपको लगातार खुद पर काम करना होगा, नए-नए रास्ते खोजने होंगे, उनपर प्रयोग करने होंगे. असफलताएं भी आएंगी, लोगों का उसपर रिएक्शन भी बदलेगा. लेकिन उनसे लगातार सीखते रहना होगा... अच्छे-बुरे वक्त के ये सबक ही आपके व्यक्तित्व को गढ़ते हैं.

No comments:
Post a Comment